समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 21 नवंबर 2025 शुक्रवार

//////////////////////////////////
ग्राम टीलाखेडा में गोदाम एवं दुकान निर्माण हेतु भूमि आवंटन पर अभिमत 4 दिसंबर तक आमंत्रित
मंदसौर 20 नवम्बर 25/ तहसीलदार मल्हारगढ़ ने बताया कि नगर परिषद पिपल्यामंडी द्वारा गोदाम एवं दुकान निर्माण के लिए ग्राम टीलाखेडा में स्थित शासकीय भूमि आबंटित करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया है।
ग्राम टीलाखेडा में सर्वे नंबर 54/2/3 एवं रकबा 0.0429 हेक्टेयर भूमि के आवंटन का प्रस्ताव है। इस संबंध में आपत्तियाँ अथवा अभिमत 4 दिसंबर तक प्रस्तुत कर सकते हैं।
===========
जिला स्तरीय पूर्व सैनिक सम्मेलन 28 नवंबर को आयोजित होगा
मंदसौर 20 नवम्बर 25/ जिला सैनिक कल्याण अधिकारी श्री संजय दीक्षित ने बताया कि जिला सैनिक कल्याण बोर्ड का जिला स्तरीय पूर्व सैनिक सम्मेलन समारोह 28 नवंबर 2025 को कुशाभाऊ ठाकरे प्रेक्षागृह, मंदसौर में आयोजित किया जाएगा।
इस जिला स्तरीय पूर्व सैनिक सम्मेलन समारोह का उद्देश्य, जिला सैनिक कल्याण कार्यालय एवं विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से पूर्व सैनिकों, विधवाओं और वीर नारियों के उत्थान एवं सहायता के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना है।
साथ ही कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं शहीद सैनिकों की विधवाओं को एक मंच पर लाकर उनकी व्यक्तिगत समस्याओं के निवारण हेतु संबंधित विभागों एवं हितधारकों के साथ संवाद स्थापित करने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर जिले के सभी पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और शहीद सैनिकों की विधवाओं से सम्मेलन में उपस्थित होने का आग्रह किया गया है।
=============
जिला स्तरीय जैवविविधता क्विज के लिए स्कूलों को किया गया आमंत्रित, 25 नवंबर को होगा आयोजन
जिला स्तरीय जैवविविधता क्विज 2025 के लिए 24 नवंबर तक कराएं पंजीयन
मंदसौर 20 नवम्बर 25/ वनमण्डलाधिकारी द्वारा बताया गया कि “म.प्र. राज्य जैवविविधता क्विज कार्यक्रम-2025 का आयोजन म.प्र. राज्य जैवविविधता बोर्ड भोपाल एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वाधान में जिला स्तरीय क्विज कार्यक्रम का आयोजन 25 नवंबर 2025 को जिला मुख्यालय मन्दसौर पर ऑफ लाईन किया जावेगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम हेतु वनमण्डल कार्यालय, महू नीमच रोड़ मन्दसौर में विद्यालय टीम (कक्षा-9 वी से कक्षा-12 वी तक के विधार्थी हेतु) का पंजीयन 24 नवंबर 2025 तक किया जाएगा।
जिला स्तर पर न्युनतम 100 टीमो के पंजीयन का लक्ष्य रखा गया है। इसलिए पंजीयन हेतु सभी स्कूल जल्द से जल्द अपना पंजीयन करवाये। पंजीयन पहले आओ पहले पाओ के आधार पर होगा। अधिक जानकारी के लिए वनमण्डल कार्यालय, महू नीमच रोड़ मन्दसौर पर कार्यालयीन समय पर सम्पर्क करें।
==========
उज्जैन–ओंकारेश्वर ज्योर्तिलिंग के दर्शन पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा से अब मिनटों में
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा तीन सेक्टरों में होगा पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा संचालन
देश में अंतर-राज्यीय टूरिज्म हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने वाला पहला राज्य मध्यप्रदेश
मंदसौर 20 नवम्बर 25/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने और पर्यटकों को त्वरित, सुगम और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश के 70वें स्थापना दिवस पर भोपाल से “पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा” का शुभारंभ किया था। यह सेवा मध्यप्रदेश को हवाई पर्यटन के एक नए युग में प्रवेश कराने वाली है। आध्यात्मिक, इको पर्यटन और वन्यजीव पर्यटन स्थलों के बीच तेज और सहज हवाई संपर्क सुनिश्चित करते हुए इसका नियमित संचालन 20 नवंबर से प्रारंभ होगा। नई सुविधा से पर्यटकों को कम समय में अधिक गंतव्यों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा और राज्य की पर्यटन क्षमता को नए आयाम प्राप्त होंगे। इस सेवा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि उज्जैन और ओंकारेश्वर ज्योर्तिलिंग तक की यात्रा अब मात्र 20–40 मिनट में संभव होगी, जबकि भोपाल से पचमढ़ी तक की यात्रा भी केवल एक घंटे में पूरी हो जाएगी। सेवा की बुकिंग www.flyola.in, https://air.irctc.co.in/flyola और https://transbharat.in/ पर उपलब्ध होगी।
पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा मध्यप्रदेश में पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसका उद्देश्य आध्यात्मिक, प्राकृतिक, वन्यजीव और वेलनेस आधारित सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों को तेज और सुगम हवाई संपर्क प्रदान करना है। प्रदेश में बढ़ती पर्यटक संभावनाओं को देखते हुए यह सेवा न केवल यात्रियों के समय की बचत करेगी, बल्कि उन्हें अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा अनुभव भी उपलब्ध कराएगी। यह पहल पर्यटन क्षेत्र में नए निवेश, अधिक रोजगार और पर्यटन सेवाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त करेगी, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था और पर्यटन क्षमता को नई ऊर्जा मिलेगी।
अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति, गृह और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व तथा प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड श्री शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा मध्य प्रदेश के प्रमुख आध्यात्मिक, वन्यजीव, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक स्थलों को एक एकीकृत हवाई नेटवर्क के माध्यम से जोड़ने का अभिनव प्रयास है। कम समय में गंतव्य तक पहुंच और किफायती किराए जैसी विशेषताओं के कारण यह सेवा यात्रियों के अनुभव को अत्यंत सहज और आकर्षक बनाएगी। यह पहल हाई-वैल्यू टूरिज़्म, साहसिक पर्यटन और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी तथा घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि सुनिश्चित करेगी।
आध्यात्मिक सेक्टर: उज्जैन–ओंकारेश्वर के दर्शन अब मिनटों में, वह भी किफायती किराए पर
आध्यात्मिक सेक्टर के अंतर्गत इंदौर–उज्जैन– ओंकारेश्वर मार्ग को जोड़ा गया है। इंदौर से उज्जैन तक 20 मिनट की उड़ान का अनुमानित किराया5 हजार रूपये, उज्जैन से ओंकारेश्वर तक 40 मिनट की उड़ान का किराया 6 हजार 500 और ओंकारेश्वर से इंदौर लौटने का किराया लगभग 5 हजार 500 रूपये रखा गया है। इस सेक्टर के माध्यम से श्रद्धालु एक ही दिन में महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर दोनों ज्योर्तिलिंगों के दर्शन आसानी से कर सकेंगे।
इको टूरिज्म सेक्टर: भोपाल–मढ़ई–पचमढ़ी तक सहज, तेज और किफायती हवाई सुविधा
इको टूरिज्म सेक्टर में भोपाल से मढ़ई तक 40 मिनट की उड़ान का अनुमानित किराया 4 हजार रूपयेतथा मढ़ई से पचमढ़ी तक 20 मिनट की उड़ान का किराया 3 हजार रूपयेहै। इसके अतिरिक्त भोपाल से पचमढ़ी के लिए एक घंटे की सीधी उड़ान भी उपलब्ध रहेगी, जिसका किराया 5 हजार रूपयेप्रति यात्री है। पचमढ़ी में जॉय-राइड्स का विकल्प भी उपलब्ध होगा, जिससे प्रकृति–आधारित अनुभव और भी आकर्षक बनेगा।
वाइल्डलाइफ़ सेक्टर: जबलपुर–कान्हा–बांधवगढ़ सहित प्रमुख स्थलों तक तेज हवाई पहुंच
वाइल्डलाइफ़ सेक्टर में जबलपुर को कान्हा और बांधवगढ़ और से जोड़ा गया है। इनमें जबलपुर से मैहर की उड़ान का किराया 5 हजार रूपये,मैहर से चित्रकूट 2500 रूपये, जबलपुर से कान्हा 6,250 रूपये, बांधवगढ़ 3750 रूपये तथा अमरकंटक के लिए एक घंटे की उड़ान का किराया 5 हजार रूपये होगा। इस तेज कनेक्टिविटी से पर्यटक कम समय में अधिक स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे।
हेरिटेज सेक्टर : सतना–रीवा तक पहुंच हुई आसान
इससे पूर्व से संचालित पीएम श्री वायु पर्यटन सेवा के माध्यम से भोपाल से सतना, रीवा, सिंगरौली और खजुराहो के बीच हवाई संपर्क अब और अधिक तेज, सुगम और सुविधाजनक हो गया है। किफायती दरों और नियमित उड़ानों के साथ यह वायु सेवा क्षेत्रीय पर्यटन को नई गति दे रही है तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी सशक्त बना रही है।
==============
सूचनाओं का त्वरित संप्रेषण करें जनसंपर्क अधिकारी : आयुक्त जनसम्पर्क श्री सक्सेना
मंदसौर 20 नवम्बर 25/ आयुक्त जनसंपर्क श्री दीपक सक्सेना ने कहा है कि जनसंपर्क अधिकारी जन कल्याण के लिए शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों को प्रिंट , इलेक्ट्रानिक , डिजिटल और सोशल मीडिया के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाएं। साथ ही आमजन की भावनाओं, आवश्यकताओं से निरंतर शासन और प्रशासन को अवगत कराएं। मीडिया, जनप्रतिनिधियों , अधिकारिओं और समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद और सम्पर्क कर जनहित में सूचनाओं का त्वरित संप्रेषण करें।
जनसंपर्क आयुक्त श्री सक्सेना बुधवार को भोपाल में जनसंपर्क अधिकारियों की राज्य स्तरीय दिवसीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ श्री पंकज श्रीवास्तव, श्री मनोज मनु, श्री शरद द्विवेदी और श्री सचिन चौधरी ने प्रिंट, इलेक्ट्रानिक , सोशल और डिजिटल मीडिया के संबंध में सारगर्भित जानकारी दी. कार्यशाला में माइंड स्टॉर्मिंग सेशन हुए, जिनमें आयुक्त जनसंपर्क श्री सक्सेना और विषय- विशेषज्ञों द्वारा जनसंपर्क अधिकारियों से गहन संवाद किया गया। अपर संचालक जी. एस. वाधवा एवं श्री संजय जैन संयुक्त संचालक श्री पंकज मित्तल, श्री अशोक मनवानी, श्री आर आर पटेल सहित प्रदेश के सभी संभागीय और जिला जनसंपर्क अधिकारी उपस्थित थे।
आयुक्त श्री सक्सेना ने कहा कि जनसंपर्क विभाग जनता और शासन के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य करता है। एक और जहां विभाग जनता की भावनाओं को शासन प्रशासन को संप्रेषित करता है, वहीं दूसरी ओर शासन की योजनाओं और कार्यों को आम जनता तक पहुँचाता है। विभाग मीडिया के सहयोग से इस कार्य को बखूबी अंजाम देता है। जनसंपर्क अधिकारी अपनी इस ताकत को पहचाने और सक्रिय एवं सजग होकर कार्य करें।
आयुक्त श्री सक्सेना ने कहा कि बीते वर्षों में मीडिया का परिदृश्य बहुत बदल गया है। आज रियल टाइम रिपोर्टिंग की आवश्यकता है। जनसंपर्क अधिकारी प्रिंट मीडिया को समय पर उपलब्ध कराने समाचार के साथ इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल/ सोशल मीडिया को भी उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप समाचार उपलब्ध कराए। जनसंपर्क अधिकारी केवल शासकीय बैठकों और कार्यक्रमों के कवरेज तक ही सीमित न रहें। फील्ड में जाकर शासन की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर केन्द्रित और नागरिकों की भावनाओं को शामिल कर समाचार बनाएं।
जनसंपर्क आयुक्त ने कहा कि मीडिया के बदलते हुए स्वरुप के अनुसार समाचारों की हैडिंग और वन लाइनर्स पर विशेष ध्यान दें। शासन के प्राथमिकता वाले विषयों जैसे किसान, महिला, बच्चे, युवा कल्याण-कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाए। शासन के मेगा प्रोजेक्ट का भी व्यापक प्रचार प्रसार हो।
जिला कार्यालयों को किया जाएगा सशक्त
जनसंपर्क आयुक्त ने कहा कि शासन के प्रचार-प्रसार में जिला कार्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी जिला जनसंपर्क कार्यों को आवश्यक संसाधन और मैनपॉवर देकर सशक्त बनाया जाएगा। आयुक्त ने कार्यशाला में उपस्थित जनसंपर्क अधिकारी से संवाद किया, कार्य के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
पॉजिटिव न्यूज़ फोल्डर का करें व्यापक प्रचार-प्रसार
आयुक्त श्री सक्सेना ने बताया कि जनसंपर्क संचालनालय द्वारा प्रतिदिन प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक , डिजिटल और सोशल मीडिया की खबरों के आधार पर एक डिजिटल पॉजिटिव न्यूज़ फोल्डर तैयार किया जाता है, जिसमें शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों और प्रदेश के प्रत्येक जिले की उपलब्धियां को प्रमुखता से लिया जाता है। इस फोल्डर को जनहित में अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाया जाये।
वरिष्ठ पत्रकार श्री पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि जनसंपर्क अधिकारी तैयार किये जाने वाले समाचारों में न्यूज कंटेंट के साथ प्रस्तुतीकरण बेहतर होना चाहिए। साथ ही समय का भी ध्यान रखा जाना चाहिए. जनसंपर्क अधिकारी मीडिया से निरंतर संवाद करें, इससे शासकीय योजनाओं का प्रभावी ढंग से प्रचार-प्रसार होगा। उन्होंने प्रतिभागियों द्वारा समाचार लेखन के संबंध में पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का समाधानकारक उत्तर दिया.
वरिष्ठ पत्रकार श्री मनोज मनु ने कहा कि मध्यप्रदेश का जनसंपर्क विभाग बहुत अच्छा कार्य कर रहा है. आज मीडिया के बदलते दौर में विभाग की चुनौतियां भी बढ़ रही हैं। जनसंपर्क अधिकारियों को स्वयं को अपडेटेड रखना होगा। उन्होंने जनसंपर्क अधिकारियों को एआई और पब्लिक एप के उपयोग के संबंध में भी जानकारी दी।
वरिष्ठ पत्रकार श्री शरद द्विवेदी ने कहा कि जनसंपर्क अधिकारी अपनी ताकत को पहचानें। जनसंपर्क जनकल्याण का सशक्त माध्यम है। जनसंपर्क अधिकारी ना तो अपने मन में किसी प्रकार का भय रखें और ना ही अहंकार। सभी वर्गों के साथ पूरे उत्साह के साथ मिले और संवाद करें। समाचारों को प्रभावी बनाने के लिए उनमें सूचनाओं के साथ रोचकता का भी समावेश करें। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश जनसंपर्क समाचारों के संप्रेषण में अग्रणी है। वरिष्ठ पत्रकार श्री सचिन चौधरी ने सोशल मीडिया के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार से सोशल मीडिया पर खबरों को संप्रेषित किया जाए, जिससे वे अधिक प्रभावी बने। उन्होंने हैश टैग के उपयोग सहित विभिन्न सोशल मीडिया टूल्स के विषय में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यशाला में संभागीय एवं जिला जनसम्पर्क अधिकारियों ने जिलों में किये जा रहे समाचार सम्प्रेषण और नवाचारों से अवगत कराया।
==============



