समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 22 सितंबर 2025 सोमवार

//////////////////////////////////////
स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत डिगांवमाली में हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
मंदसौर। स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान 2025 के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डिगांवमाली में स्वास्थ्य परिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में गर्भवती महिलाओं सहित बच्चों एवं बुजुर्गों का अन्य रोगों के साथ मुख एवं दन्त रोग परीक्षण किया गया।जानकारी देते हुए पत्रकार धर्मेन्द्रसिंह रानेरा ने बताया कि डॉक्टर आशीष वर्मा एमडीएस, डिस्ट्रिक्ट नोडल ओरल हेल्थ जिला चिकित्सालय मंदसौर के नेतृत्व में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ सोलंकी एवं आरबीएसके नोडल सुरेशचंद्र मुवेल द्वारा शिविर का निरीक्षण किया गया। शिविर में अनेक मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। खास बात यह रही कि शिविर में मुंह के कैंसर की स्क्रीनिंग भी की गई।
==========
पीपलखूंटा -प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ प्रधानाध्यापक रत्नेश पारख ने अपनी मातुश्री श्रीमती मंजुला कनकमल जी पारख लसुड़ियावाला की तृतीय पुण्य स्मृति के अवसर पर नन्हीं भांजी जीवल नेहा जैन की प्रेरणा से कल्याण मित्र मंडल के तत्वावधान में तथा डीपीसी रामेश्वर डांगी, एपीसी श्याम धनगर, जनशिक्षक परमानंद सुनार्थी, सरपंच प्रतिनिधि ग्राम पटेल कँवलाल जाट के आतिथ्य में शासकीय प्राथमिक विद्यालय पीपलखूंटा में विविध सामग्री (फर्नीचर, पानी की केंपर, पंखें, कार्पेट, लाइटें, इत्यादि भेंट स्वरूप प्रदान किये। इस दौरान पारख परिवार से रत्नेश पारख, शुभम् पारख, बहन नेहा कनकमल जैन, भांजी जीवल नेहा जैन, देवेंद्र पारख, ज्योति पारख, पक्षाल पारख, जिया पारख, कल्याण मित्र मंडल से दिलीप कर्णावट, संदीप हिंगड़, रक्षित जैन पोरवाल, नेहल चंडावला , अनिमेष जैन, अवि चंडावला, भावेश चपरोत, विद्यालय से श्रीमती ममता मालवीय, रत्नेश पारख, श्रीमती शीला चौधरी, पंकेशदास बैरागी, लोकेश चौहान, रामनिवास गोराना, मोहम्मद यूनुस खान एवं विभिन्न पालक और ग्राम पीपलखूंटा के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रत्नेश पारख ने किया और आभार शीला चौधरी ने माना।==============
जिला गरबा मंडल की जम्बों समिति घोषित
अध्यक्ष डांगी ने कहा – गरबा पांडालों में घट स्थापना हो, फिल्मी गाने व डबिंग किये गाने ना बजे
मंदसौर। आज से नवरात्रि महोत्सव प्रारंभ हो रहा है नौ दिनों तक भक्तगण माता रानी की भक्ति करेंगे। इस हेतु जिला गरबा मंडल के अध्यक्ष हिम्मत डांगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में जम्बों कार्यकारिणी का गठन किया गया है जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य एवं गरबा समितियों के सदस्यों को लिया गया है। जिला गरबा मंडल से जिले भर से 140 प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है।
विगत दिनों संपन्न हुई बैठक में कई निर्णय लिये गये। जिला गरबा मंडल के अध्यक्ष हिम्मत डांगी ने बताया कि नवरात्रि गरबा मे तिलक लगावे गरबा पंडालों में केवल पारंपरिक मूर्तियां या तस्वीरें ही स्थापित की जा सकेंगी। गरबा पंडालो मे गेर हिंदू का प्रवेश वर्जित रहेगा.एआई से डिजाइन की गई मूर्तियों पर प्रतिबंध रहेगा। गरबा में सिर्फ सांस्कृतिक वेशभूषा में आए लोगों को प्रवेश मिलेगा। फूहड व अश्लील वस्त्र पहनकर आने पर कार्यवाही की जायेगी। माथे पर तिलक लगाना है।
श्री डांगी ने कहा कि नवरात्रि हमारा सनातनी त्यौहार है और इसे हमे परम्परा और मर्यादा के अनुसार ही मनाना चाहिए। नवरात्रि मां की आराधना करने का पर्व है और इसे हमे पूरी भक्ति भाव और निष्ठा के साथ मनाना चाहिए।
==========
मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) हेतु ऑनलाइन डैशबोर्ड का शुभारम्भ
मंदसौर 21 सितंबर 25/ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा आज “Online Dashboard for Claimant Reimbursement & Deposit System for Motor Accident Claims Tribunal (MACT)” का शुभारम्भ किया गया।
इसका उद्घाटन माननीय न्यायमूर्ति श्री सूर्याकांत, न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय एवं कार्यकारी अध्यक्ष, NALSA द्वारा किया गया। इस अवसर पर माननीय न्यायमूर्ति श्री जे. के. माहेश्वरी, माननीय न्यायमूर्ति श्री आलोक अराधे तथा माननीय मुख्य न्यायाधिपति श्री संजय सचदेवा (उच्च न्यायालय, मध्यप्रदेश) विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में माननीय न्यायमूर्ति श्री अतुल श्रीधरन, श्री विवेक रूसिया एवं श्री आनंद पाठक (न्यायाधीश, उच्च न्यायालय मध्यप्रदेश) ने भी सहभागिता की।
इस पोर्टल के माध्यम से मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) से जुड़ी क्षतिपूर्ति राशि के जमा एवं भुगतान की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन हो सकेगी। इससे पीड़ित पक्ष सीधे अपने दावे की स्थिति देख सकेंगे और क्षतिपूर्ति राशि समयबद्ध तरीके से बैंक खाते में प्राप्त कर सकेंगे। यह पहल न्याय प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं जनसुलभ बनाएगी।
उक्त उद्घाटन समारोह में मंदसौर ज़िला एवं तहसील स्तर पर पदस्थ सभी न्यायिक अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की और इस प्रणाली को एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
===================
स्वदेशी उत्पादों के स्टालों का अवलोकन कर सांसद श्री गुप्ता ने की खरीदारी
सेवा पखवाड़ा अंतर्गत खादी एवं ग्रामोद्योग के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने
मंदसौर 21 सितंबर 25/ सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत खादी ग्रामोद्योग द्वारा कंबल केंद्र मंदसौर में विशेष गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इस अवसर पर खादी वस्त्रों एवं ग्रामोद्योग उत्पादों के साथ-साथ हर्बल सामग्रियों पर आकर्षक छूट प्रदान की गई।
सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने आज स्वदेशी वस्तुओं के स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने सभी प्रकार की स्वदेशी वस्तुओं को देखा और उपस्थित लोगों को स्वदेशी वस्तुएं खरीदने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान सांसद श्री गुप्ता ने स्वयं भी खादी एवं ग्रामोद्योग के उत्पाद खरीदे।
जिला पंचायत प्रभारी प्रबंधक, म.प्र. खादी ग्रामोद्योग बोर्ड ने बताया कि “लोकल फॉर वोकल” और स्वदेशी की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है।
स्वदेशी वस्तुओं पर विशेष डिस्काउंट ऑफर भी दिया गया। जिसमें खादी वस्त्र (कुर्ता, पायजामा, जैकेट, शर्ट, खादी क्लॉथ, सूती, पोली सामग्री, कबीरा ब्रांड आदि) तथा ग्रामोद्योग उत्पाद (शहद, शैम्पू, अगरबत्ती, फेस वॉश, बॉडी वॉश, ग्लिसरीन, साबुन, सरसों तेल एवं अन्य हर्बल सामग्री) विशेष छूट के साथ उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही स्थानीय स्व सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए, जिससे उन्हें आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर मिल रहा है।
यह पहल न केवल स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का माध्यम है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोज़गार एवं आत्मनिर्भरता के अवसर भी सृजित करेगी।
=============
प्रतिभा प्रोत्साहन योजना का लाभ हेतु 25 सितम्बर तक करें आवेदन
मंदसौर 21 सितंबर 25/ जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग मंदसौर ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिभा प्रोत्साहन योजना अंतर्गत वर्ष 2024-25 एवं वर्ष 2025-26 में अनुसूचित जनजाति वर्ग के वे विद्यार्थी, जिन्होंने योजना अंतर्गत शासकीय संस्थाओं में प्रवेश लिया है, वे इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
इसके लिए विद्यार्थियों को MPTAASC Portal पर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 सितम्बर 2025 निर्धारित की गई है।
==============
विमुक्त वर्ग के युवा स्वरोजगार हेतु लिंक से ऑनलाइन आवेदन करें
मंदसौर 21 सितंबर 25/ विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्धघुमन्तु जनजाति विकास के सहायक संचालक द्वारा बताया गया कि मुख्यमंत्री विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्धघुमन्तु स्वरोजगार योजना अंतर्गत विमुक्त जाति वर्ग के 18 वर्ष से 55 वर्ष तक की आयु के बेरोजगार युवक/युवतियों को स्वयं का स्वरोजगार स्थापित करने हेतु परियोजना ईकाई लागत सेवा एवं व्यवसाय हेतु 10 हजार रूपये से 1 लाख रूपये तक का ऋण बैंकों के माध्यम से वितरित किये जायेगें। जिस पर 25 प्रतिशत या 20 हजार रूपये अधिकतम एवं 6 प्रतिशत प्रतिवर्ष की दर से ब्याज अनुदान नियमित रूप से ऋण भुगतान (निर्धारित समय एवं राशि) की शर्त पर विभाग द्वारा दिया जायेगा।
आवेदन पत्र ऑनलाईन वेबसाईट https://samast.mponline.gov.in/portal/ पर भरे जा सकते है।
अधिक जानकारी हेतु कार्यालयीन समय में कार्यालय के दूरभाष नंबर 07422-299110 एवं मोबा. नंबर 6261565001 अथवा जिला कार्यालय कक्ष क्रमांक 315, सुशासन भवन, नवीन कलेक्टोरेट, द्वितीय तल, मंदसौर पर संपर्क कर सकते हैं।
=======================
आबकारी विभाग ने जिले में 76,585 रूपए की अवैध शराब व सामग्री जप्त
मंदसौर 21 सितंबर 25/ जिला आबकारी अधिकारी श्री रामहंस पचौरी के निर्देशानुसार आबकारी विभाग के उप निरीक्षक कर्मेन्द्र सावले द्वारा अवैध शराब विक्रय, भंडारण, परिवहन, निर्माण के विरुद्ध के कारवाही करते हुए ग्राम कुचडोद बोलिया मार्ग पर 20 सितम्बर को बनवारी उर्फ गोलू पिता सुरेश कलाल उम्र 29 वर्ष निवासी कुचडोद के कब्जे से बिना नम्बर की मोटरसाइकिल पर दो बड़े कट्टो में 4 पेटी प्लेन मदिरा व 2 पेटी बीयर मदिरा ले जाते हुआ बरामद की। जप्त मदिरा व वाहन का मूल्य लगभग 70,000 रुपए है। आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी को जेल भेजा गया। वही पवित्र क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर अवैध मदिरा विक्रय के विरुद्ध सतत जारी साप्ताहिक कार्यवाही में इंद्रानगर से नरेन्द्र पिता लक्ष्मीनारायण से 12 पाव प्लेन देशी मदिरा, सीतामऊ फाटक से विजय मोई पिता मोहनलाल से 18 पाव प्लेन देशी मदिरा, अभिनंदन नगर से बंकट हप्पा पिता भवान जी धनगर से 21 पाव प्लेन देशी मदिरा, अभिनंदन नगर से वीरेंद्र पिता कैलाश चन्द्र 15 पाव प्लेन देशी मदिरा, सीतामऊ फाटक से विनोद पिता पारुमल से 8 बियर केन व 9 पाव प्लेन देशी मदिरा के साथ कुल 5 आरोपी को पवित्र क्षेत्र मंदसौर में अवैध शराब बेचते हुए पकड़ कर आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत गिरफ्तार करके प्रकरण पंजीबद किए गए। उक्त पांचों प्रकरणों में जप्त शराब का मूल्य लगभग 6585 हैं।
=============
पारदर्शिता के साथ सबको मिल रहा सुशासन का लाभ : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री ने स्कॉच अवार्ड मिलने पर विभागों को दी बधाई
मंदसौर 21 सितम्बर 25 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नागरिकों का जीवन सरल और सुविधासम्पन्न बनाने के हमारे प्रयास अब धरातल पर फलीभूत हो रहे हैं। प्रदेश के नागरिकों को पूरी पारदर्शिता के साथ सुशासन का लाभ मिल रहा है। हमारी सरकार ने शासन-प्रशासन की जवाबदेह व्यवस्था कायम की है। इसका सर्वाधिक लाभ नागरिकों को मिल रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड- 2025 पाने वाले सभी विभागों की सराहना कर इन्हें बधाई दी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश सरकार की नवाचारी कोशिशों “संपदा 2.0”, आयुष विभाग की नागरिक सुविधाओं के त्वरित प्रदाय, ई-मंडी सिस्टम और उद्यानिकी विभाग के अधीन गुना जिले में चलाई जा रही अभिनव परियोजना “गुना–गुलाबों के नगर की ओर बढ़ते कदम : पॉलीहाउस के माध्यम से पुष्प क्रांति” को स्कॉच अवार्ड मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
नई दिल्ली में शनिवार को हुए कार्यक्रम में सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण पहल “संपदा 2.0” को प्रतिष्ठित स्कॉच गोल्ड अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। “संपदा 2.0” ने पारदर्शिता और सुशासन के नये कीर्तिमान बनाए हैं। पारदर्शिता, सुशासन एवं तकनीकी नवाचार के लिए पंजीयन विभाग को यह पुरस्कार दिया गया।
प्रदेश के आयुष विभाग को ई-मॉनिटरिंग सिस्टम एवं नागरिक सेवाओं के सशक्तिकरण के लिए स्कॉच अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान विशेष रूप से ई-मॉनिटरिंग सिस्टम के विकास और नागरिक सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में किए गए विभागीय प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है। विभाग में सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से ई-मॉनिटरिंग सिस्टम की परिकल्पना एवं कार्यान्वयन की पहल की। इस प्रणाली के माध्यम से प्रदेशभर के अस्पतालों की गतिविधियों की नियमित निगरानी, आंकड़ों का वास्तविक समय पर संकलन एवं विश्लेषण तथा सेवा प्रदायगी की स्थिति पर सतत नियंत्रण संभव हो पाया। इन सुधारों के परिणामस्वरूप प्रदेश के आयुष अस्पतालों में ओपीडी की संख्या बीते एक साल में 8 लाख प्रतिमाह से बढ़कर 22 लाख प्रतिमाह तक पहुंच गई है।
इसी क्रम में मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड, भोपाल द्वारा प्रवृत्त ई-मंडी एप को स्कॉच गोल्ड तथा एमपी फार्म गेट एप को स्कॉच सिल्वर अवार्ड दिया गया। दोनों एप्लीकेशन एनआईसी, भोपाल द्वारा विकसित की गई है। ई-मंडी एक एंड्रॉयड एप्लीकेशन है। मंडी प्रांगण में प्रवेश से लेकर नीलामी, तौल‚ भुगतान और अनुज्ञा की कार्यवाही का रियल टाइम कंप्यूटराइजेशन है। ई-मंडी योजना प्रदेश की सभी 259 मंडियों में क्रियाशील है। वर्तमान में 32 लाख से अधिक कृषक योजना से सीधे जुड़कर लाभ ले रहे हैं। एमपी फार्म गेट ऐप भी एक एंड्रॉयड बेस्ड एप्लीकेशन है‚ जिसे किसान अपने एंड्राइड मोबाइल पर निःशुल्क डाउनलोड कर अपने दाम पर अपने घर, खलियान, गोदाम से अपनी कृषि उपज को बेचने में सक्षम हुए हैं। किसानों को ऐसी सुविधा देने के मामले में मध्यप्रदेश देश का इकलौता राज्य है। इस ऐप का उपयोग कर प्रदेश के 8.5 लाख से अधिक किसानों ने अपनी कृषि उपज का विक्रय किया है।
प्रदेश के गुना जिले को भी देश के सर्वोच्च नवाचार सम्मान “स्कॉच पुरस्कार-2025” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान गुना जिले के उद्यानिकी विभाग की अभिनव परियोजना “गुना–गुलाबों के नगर की ओर बढ़ते कदम : पॉलीहाउस के माध्यम से पुष्प क्रांति” को प्रदान किया गया।
भारत में स्कॉच पुरस्कार को राष्ट्रीय उत्कृष्टता का मानदण्ड माना जाता है। यह केवल उन्हीं योजनाओं को प्रदान किया जाता है, जो नवाचार, पारदर्शिता, ईमानदारी तथा श्रेष्ठ क्रियान्वयन के उच्चतम मापदण्डों एवं मानकों को पूरा करती हैं। मध्यप्रदेश में हुए चार महत्वपूर्ण नवाचारों को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मिला है।
==============
विकास, जनकल्याण और सुराज के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
जन-जन को जीएसटी रिफॉर्म्स के लाभ दिलाने और स्वदेशी अभियान में शामिल करने के लिए हर स्तर जारी हैं गतिविधियां
मुख्यमंत्री निवास में हुई सेवा पखवाड़ा के संबंध में बैठक
मंदसौर 21 सितम्बर 25 /मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार विकास, जनकल्याण और सुराज के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में 17 सितंबर से सेवा पखवाड़ा आरंभ किया गया है। साथ ही आमजन को जीएसटी रिफॉर्म्स के लाभ दिलाने तथा आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत जन-जन को स्वदेशी अभियान में शामिल करने के उद्देश्य से भी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान में आमजन की सक्रिय भागीदारी से सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास और सबका प्रयास तथा वोकल फॉर लोकल की भावना के अनुरूप गतिविधियां जारी हैं। प्रत्येक वार्ड और ग्राम स्तर तक गतिविधियों का प्रभावी व्यवस्थित और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित बैठक में यह बात कही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’, ‘एक बगिया मां के नाम’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ के अंतर्गत पौधरोपण, नमो पार्क तथा नमो उपवन विकसित करने, विद्यालय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन, जनसामान्य को स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प सामग्री खरीदने के लिए प्रोत्साहित करने जैसी गतिविधियां जनभागीदारी से संचालित की जा रही हैं। विद्यालयों और महाविद्यालयों में ‘विकसित भारत’ थीम पर निबंध, वाद-विवाद और चित्रकला प्रतियोगिताएं तथा संगोष्ठियां भी हो रही हैं।
बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल, लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह, प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल सहित श्री शिवप्रकाश और श्री हितानंद शर्मा उपस्थित थे।
==========
एक से सात अक्टूबर तक मनेगा वन्य-प्राणी सप्ताह
वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में होंगी अनेक प्रतियोगिताएँ
रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 27 सितम्बर
प्रथम आओ-प्रथम पाओ के आधार पर प्रतिभागियों को दिया जायेगा प्रवेश
मंदसौर 21 सितम्बर 25 /वन विहार राष्ट्रीय उद्यान भोपाल में राज्य स्तरीय वन्य-प्राणी सप्ताह-2025 का आयोजन एक से सात अक्टूबर तक किया जायेगा। राज्य स्तरीय वन्य-प्राणी सप्ताह में विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिये रजिस्ट्रेशन कराने की अंतिम तिथि 27 सितम्बर, 2025 है।
राज्य स्तरीय वन्य-प्राणी सप्ताह में छात्र-छात्राओं के लिये गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। इनमें ‘चित्रकला, भारत के वन्य-जीव, उनका रहवास एवं आपसी संचार’ विषय पर फोटो प्रदर्शनी प्रतियोगिता, पक्षी अवलोकन शिविर, जागरूकता के लिये सृजनात्मक कार्यशाला-सह-प्रतियोगिता, महाविद्यालयीन विद्यार्थी वाद-विवाद, तत्कालीन कहानी, कथा-वाचन, खजाने की खोज, मेहंदी, पॉम पेंटिंग, फोटोग्राफी, रंगोली, युवा संसद, रन फॉर वाइल्ड लाइफ, शिक्षक वाद-विवाद, रेस्क्यू एवं वन्य-जीव संरक्षण तथा अनुश्रवण के उपकरणों से संबंधित कार्यशाला, वाइल्ड लाइफ एण्ड नेचर एक्सपो, विद्यालयीन वाद-विवाद प्रतियोगिता, मानव-वन्य-जीव-सह-अस्तित्व, मिशन लाइफ के साथ ही से नो टू प्लास्टिक से संबंधित विषयों पर “वॉक थ्रू क्विज कम एग्जीवीशन और टोडलर वॉक प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
कार्यक्रम स्थल पर प्रतिभागियों को प्रथम आओ-प्रथम पाओ के आधार पर प्रवेश दिया जायेगा। वन्य-प्राणी सप्ताह में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी वन विहार स्थित विहार वीथिका में लगायी जायेगी। प्रदर्शनी के अवलोकन के लिये भोपाल स्थित महाविद्यालय, विद्यालयों के छात्र-छात्राओें को आईडी कॉर्ड पर गेट क्रमांक-2 से नि:शुल्क पैदल प्रवेश दिया जायेगा। अन्य जानकारी के लिये वन विहार के सहायक संचालक एवं कार्यक्रम समन्वयक मोबाइल नम्बर-9424790615, इकाई प्रभारी पर्यटन रेंज ऑफिसर मोबाइल नम्बर-9424790611 और सहायक समन्वयक मोबाइल नम्बर-9424790613 से सम्पर्क किया जा सकता है।
=============
सीतामऊ में पिछले दिनों हुई चोरियों के मामले में रहवासियों द्वारा सीतामऊ थाने पहुंचकर ज्ञापन सौंपा गया।
==========

