जबलपुर, नर्मदापुरम समेत कई इलाकों में बारिश के साथ गिरे ओले, इन 12 जिलों में अभी संभावना बरकरार

=================
मौसम का इस तरह का मिजाज अभी दो-तीन दिन बना रह सकता है। मौसम साफ होने के कारण 14 फरवरी से फिर रात के तापमान में गिरावट होने लगेगी।
✍🏻 विकास तिवारी
भोपाल। अलग-अलग स्थानों पर बनी दो मौसम प्रणालियों के असर से अरब सागर एवं बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। इस वजह से प्रदेश में आंशिक बादल छाने लगे हैं। साथ ही पूर्वी मध्य प्रदेश में वर्षा भी हो रही है। इसी क्रम में रविवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक जबलपुर में 10.4 एवं उमिरया में 1.4 मिलीमीटर वर्षा हुई। जबलपुर व डिंडौरी में वर्षा के साथ ओले भी गिरे। उमरिया, शहडोल, मंडला, सिवनी, बालाघाट, अनूपपुर, बालाघाट, नर्मदापुरम, बैतूल में भी बौछारें पड़ीं।
अभी ओले-बारिश की संभावना बरकरार
प्रदेश में सबसे कम पांच डिग्री सेल्सियस तापमान दतिया में रिकार्ड किया गया। दतिया में लगातार तीसरे दिन शीतलहर का प्रभाव रहा। आठ शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। राजधानी में रात का तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य रहा।
हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी नर्मदापुरम, जबलपुर, शहडोल संभाग के जिलों में रुक-रुककर वर्षा का सिलसिला बना रहेगा। कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं। प्रदेश के शेष क्षेत्रों में आंशिक बादल बने रहेंगे।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में दक्षिणी गुजरात में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। पश्चिमी विदर्भ से लेकर कर्नाटक तक एक द्रोणिका भी बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने मुताबिक इन दो मौसम प्रणालियों के असर से आ रही नमी के कारण पूर्व मप्र में वर्षा हो रही है।
14 फरवरी से तापमान में गिरावट
मौसम का इस तरह का मिजाज अभी दो-तीन दिन बना रह सकता है। मौसम साफ होने के कारण 14 फरवरी से फिर रात के तापमान में गिरावट होने लगेगी। राजधानी में बादल बने रहने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना कम है, लेकिन रात के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।