मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 01 जनवरी 2026 गुरुवार

////////////////////////////////////

जिन विद्यालयों में अभी तक कोर्स पूर्ण नहीं, वे तत्काल कोर्स पूर्ण करें : कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग

परीक्षा परिणाम में गुणात्मक सुधार हेतु सभी विद्यालय बेहतर प्रयास करें

डाइट सभागार में स्कूल प्राचार्यों के साथ समीक्षा बैठक संपन्न

मंदसौर 31 दिसंबर 25/ कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में डाइट सभागार में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं हाई स्कूल के प्राचार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन, जिला शिक्षा अधिकारी सहित जिले के समस्त शासकीय हाई स्कूल एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों में अभी तक शैक्षणिक कोर्स पूर्ण नहीं हुआ है, वे तत्काल कोर्स पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने विद्यार्थियों से विगत 5 वर्षों के प्रश्न पत्र अनिवार्य रूप से हल करवाने, नियमित मॉक टेस्ट आयोजित करने तथा मॉक टेस्ट में महत्वपूर्ण प्रश्नों को प्राथमिकता से शामिल करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि यदि किसी विद्यालय को किसी प्रकार की शैक्षणिक या प्रशासनिक समस्या आ रही है, तो उसका निराकरण संकुल स्तर पर ही किया जाए। उन्होंने 10 वीं एवं 12 वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने पर जोर देते हुए कहा कि सभी विद्यालयों में समान संसाधन उपलब्ध हैं, अतः बेहतर परिणाम देना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों के प्राचार्य विद्यार्थियों से पुराने प्रश्न पत्र निकलवाकर उन्हें हल कराएं तथा सभी बच्चों को समान रूप से पढ़ाएं। साथ ही कक्षा 8वीं, 9वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों पर भी विशेष ध्यान देते हुए उनके शैक्षणिक स्तर की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

बैठक में त्रैमासिक एवं अर्द्धवार्षिक परीक्षा परिणामों की कक्षावार, विषयवार एवं शिक्षकवार समीक्षा की गई। आगामी बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम सुधार हेतु तैयार कार्ययोजना पर विद्यालयवार चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त वर्षभर आयोजित विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने सभी प्राचार्यों से अपेक्षा की कि वे विद्यार्थियों के शैक्षणिक हित में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि जिले के परीक्षा परिणामों में गुणात्मक सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

==============

प्रति रविवार सामूहिक स्नात्र पूजन कर रहें बच्चों का हुआ बहुमान

मंदसौर। अ.भा. श्री राजेन्द्र जैन महिला परिषद प्रांतिय ईकाइ द्वारा संचालित धार्मिक बाल संस्कार योजना- 2 द्वारा सामूहिक स्नात्र पूजन करने वाले कुल 52 पूजन में से 36 पूजन पूर्ण करने वाले बच्चों को विशेष सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मान के लाभार्थी श्री धर्मेन्द्र सारिका कोलन जावरा परिवार रहा।
गुरू सप्तमी के महापर्व पर श्री राजेन्द्र विलास में आयोजित बहुमान समारोह में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अभा राजेन्द्र जैन नवयुवक परिषद के केन्द्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्रेयांश हींगढ़, श्रीसंघ के वरिष्ठ देवेन्द्र चपरोत, जिनेन्द्र डोसी, श्री संघ के सचिव अशोक खाबिया, महिला परिषद की राष्ट्रीय सहमंत्री सुनिता खाबिया, महिला परिषद प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती सारिका कोलन, प्रांतीय मीडिया प्रभारी निशा बोरिया, प्रांतिय शिक्षा मंत्री आभा दुग्गड़, मंदसौर महिला परिषद अध्यक्ष ललीता कर्नावट, श्री राजेन्द्र जैन नवयुवक परिषद मंदसौर अध्यक्ष अजय फांफरिया, अभा श्री राजेन्द्र जैन तरूण परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष यश बाफना, मंदसौर शाखा अध्यक्ष धवल चपरोत, अरूणा चण्डावला जावरा उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा पूज्य गुरूदेव के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर एवं नवकार महामंत्र का स्मरण का प्रारंभ किया गया।
कार्यक्रम की अतिथि श्रीमती सारिका कोलन ने बताया कि इस योजना में लगभग 1000 बच्चों को पुरूस्कृत किया गया। योजना सफलतापूर्वक संचालित की गई है। जिसमें समाज के संस्कारित एवं मूल्यनिष्ठ पीढी निर्माण को सशक्त आधार प्रदान किया है।
समस्त अतिथियों का स्वागत श्री अजीतनाथ स्नात्र मंडल के महेन्द्र छिंगावत, अमित हिंगढ़, शिल्पेश नाहटा एवं 36 पूजन पूर्ण करने वाले बच्चे दर्श डांगी, तन्मय लोढा, मनन डांगी, जयम नाहटा, आदेश सालेचा, रिदम नाहटा, सिद्धी लोढा, ईशानी नाहटा, दिया कर्नावट, दृष्टि कर्नावट ने किया। बच्चों को पुरूस्कार स्वरूप विशेष लक्की में चांदी सिक्का ईशानी नाहटा, दृष्टि कर्नावट एवं मनन डांगी को स्मार्ट वाच सहित पूजन में भाग लेने वाले सभी 65 बच्चों को लेपटॉप बैग, बॉटल एवं प्रभावना दी गई।
स्नात्र पूजन संचालित करने वाले महेन्द्र छिंगावत, अमित हिंगढ़, शिल्पेश नाहटा, अजय छिंगावत, शकुन्तला सोनगरा का बहुमानअतिथियोंं द्वारा किया गया कार्यक्रम का संचालन जयेश डांगी ने किया।

=============

झारडा पुलिस ने हाट बाजार से एक आरोपी को सट्टा अंक लिखते रंगे हाथो पकड़ा

नारायणगढ़ -थाना क्षेत्र की झारडा पुलिस ने हाट बाजार से अमृतलाल पिता नंदा माली निवासी झारडा को चौकी मे पदस्थ ASI कारुलाल प्रजापत ने रंगे हाथो लीट पेन के साथ सट्टा अंक लिखते 6770 रूपये के साथ एक सटोरिये को पकडकर धारा 4 a गेम्बलिंग एक्ट 1976 के तहत मामला दर्ज किया

============

कार को रोकने की ओर लूटपाट करने की कोशिश की

सीतामऊ:- कानाहेड़ा की महिला अपने पति के साथ अपनी निजी कार से बांकली पियर जा रहीं थीं उसी दौरान दो मोटर साइकिल चालको ने बसई से कार का पीछा किया और कार को रोकने की ओर लूटपाट करने की कोशिश की महिला पति ने सूज बुझ कर बांकली में अपने रिश्तेदारों को फोन लगाया और दोनों बाइक सवार को 8 लाइन के यहां रोका और धुनाई कर दी

============

मातृ पितृ पूजन कार्यक्रम और वार्षिकोत्सव कार्यक्रम संपन्न

ग्राम भारती मल्हारगढ़ द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर टकरावद में आज मातृ पितृ पूजन कार्यक्रम और वार्षिकोत्सव कार्यक्रम श्री कान्हा जी भगत(भागवताचार्य) श्री मदनलाल जी राठौड़ (प्रदेश संयोजक सहकारिता प्रकोष्ठ)श्री राजेंद्र जी भारद्वाज(अध्यक्ष ग्राम भारती मल्हारगढ़) श्री मोहन लाल जी पाटीदार(पटेल) श्री सुनील जी शर्मा (मंडल अध्यक्ष)श्रीविष्णु दास जी (जिला उपाध्यक्ष)श्री दीपक जी जैन (संजीत)श्री मन्नालाल जी लोहार(उप सरपंच) श्री राजूलाल जी लोहार(टकराद वाला एंड कम्पनी) श्री सुभाष जी पाटीदार(अभिभावक) श्री दुलीचंद जी रेबारी(अभिभावक) के आतिथ्य में संपन्न हुआ सर्वप्रथम अतिथियों द्वारा तुलसी पूजन व गो पूजन कर मां भारती का पूजन अर्चन किया गया कार्यक्रम में अतिथि द्वारा विद्यालय के भैया बहिनों द्वारा आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा बहिनों द्वारा सलाद सजाने की प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया विद्यालय के नन्हे मुन्ने भैया बहिनों द्वारा सुंदर नृत्य की प्रस्तुति दी गई वृद्धाश्रम पर भैया बहिन द्वारा सुंदर प्रस्तुति को सभी अभिभावक द्वारा सराहा गया कार्यक्रम की अध्यक्षाता कर रहे श्री मोहन लाल जी पटेल साहब द्वारा उनके पुत्र स्व. झमक लाल पाटीदार की स्मृति में एक कक्ष निर्माण की लिए 100000/ एक लाख की राशि प्रदान की गई सभी भैया बहिनों को माता पिता का महत्व श्री मदन लाल जी राठौड़ द्वारा बताया गया संत श्री कान्हा जी भगत द्वारा वर्तमान समय में माता पिता की स्थिति पर प्रकाश डाला अभी भैया बहिनों द्वारा अपने अपने माता पिता का पूजन आरती पंडित जय शर्मा के द्वारा मंत्रोच्चार के साथ की गई अतिथि स्वागत विद्यालय अध्यक्ष ओमप्रकाश जी पाटीदार ऊंकारलाल जी पाटीदार मुकेश जी पाटीदार भेरूलाल जी एवं संयोजक मंडल सदस्य द्वारा किया गया कार्यक्रम संचलन वर्दीचंद विश्वकर्मा द्वारा किया गया आभार भेरूलाल जी पाटीदार द्वाराआना गया यह जानकारी प्राचार्य गणेश शर्मा द्वारा दी गई।

===========

वन विभाग कर्मचारीयों का सर्विस रिकॉर्ड को ईएचआरएमएस पोर्टल पर ऑनलाइन करने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण संपन्न

मंदसौर 31 दिसंबर 25 / जिला वन मंडल अधिकारी श्री संजय रायखेरे द्वारा बताया गया कि जिला ई दक्ष केंद्र मंदसौर में कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग के मार्गदर्शन में वन विभाग के समस्त कर्मचारी के सर्विस रिकॉर्ड को ईएचआरएमएस पोर्टल पर ऑनलाइन करने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण जिला ई दक्ष केंद्र मंदसौर में मास्टर ट्रेनर श्री सत्येंद्र राठौर द्वारा प्रदान किया गया। ईएचआरएमएस पोर्टल के माध्यम से वन विभाग के समस्त कर्मचारियों का सर्विस रिकॉर्ड का डाटा डिजिटाइज़ किया जाएगा।

ईएचआरएमएस न केवल ई-सेवा पुस्तिका को बनाए रखने का प्रावधान प्रदान करता है, बल्कि कर्मचारी की व्यक्तिगत जानकारी, पारिवारिक विवरण, नामांकित व्यक्ति, शिक्षा, योग्यता, स्थानांतरण इतिहास, वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट, छुट्टी रिकॉर्ड आदि भी उपलब्ध कराता है। जिससे विभाग के कर्मचारियों की समस्त जानकारी ऑनलाइन अपडेट रहेगी। जिससे प्रत्येक कर्मचारी अपने सर्विस बुक रिकॉर्ड को देख पाएगा। वन मंडल अधिकारी कार्यालय के इंचार्ज ऑफिसर एवं इंचार्ज क्लर्क को पोर्टल पर कर्मचारी के रजिस्ट्रेशन एवं जानकारी को अपडेट करने तथा सर्विस बुक अपलोड करने का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

==========

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक अब 8 जनवरी को होगी

मंदसौर 31 दिसंबर 25 / सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन द्वारा बताया गया कि 3 जनवरी को सांसद श्री सुधीर गुप्‍ता की अध्यक्षता में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में परिवर्ततन किया गया है।

अब जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद श्री सुधीर गुप्‍ता की अध्यक्षता में 8 जनवरी 2026 को प्रातः 10 बजे जिला पंचायत सभागृह में होगी।

=======

गो-भैंसवंशीय पशुओं में नि:शुल्क खुरपका-मुँहपका टीकाकरण 31 जनवरी तक होगा

मंदसौर 31 दिसंबर 25 / पशु पालन एवं डेयरी विभाग के उप सचांलक द्वारा बताया गया कि भारत सरकार की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम ( NADCP-FMD ) योजना के अंतर्गत जिले के समस्त गो-भैंसवंशीय पशुओं में खुरपका-मुँहपका टीकाकरण कार्यक्रम 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत 4 माह से अधिक आयु के समस्त गो-भैंसवंशीय पशुओं में नि:शुल्क खुरपका-मुँहपका टीकाकरण किया जाएगा।

खुरपका-मुँहपका बीमारी होने पर पशुओं के मुंह में छाले एवं पेरों में घाव हो जाते हैं। दुधारू पशुओं में दूध देने की क्षमता कम हो जाती है। जिससे पशु पलकों को आर्थिक नुकसान होता है। बीमारी बढ़ने पर पशु की मृत्यु भी हो सकती है। संक्रमांक बीमारी एक पशु में होने पर पूरे ग्राम के पशुओं को प्रभावित करती है। बीमारी से बचाव का एकमात्र उपाय पशुओं का टीकाकरण ही है। पशुपालक अपने ग्राम के निकटस्‍थ पशु चिकित्सा संस्थान से संपर्क कर अपने संपूर्ण ग्राम में टीकाकरण करवाएं।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के पूर्णत: अस्थाई एवं मानदेय आधारित रिक्त पद हेतु 10 जनवरी तक करें आवेदन

मंदसौर 31 दिसंबर 25/ जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग के श्री बीएल विश्नोई द्वारा बताया गया कि मंदसौर जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के पूर्णत: अस्थाई एवं मानदेय आधारित मानसेवी रिक्त पदों हेतु 10 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते है ।

आंगनवाडी कार्यकर्ताओं के 21 एवं आंगनवाडी सहायिका के 52 पद हेतु आवेदन एमपी ऑनलाइन द्वारा तैयार http://chayan.mponline.gov.in चयन पोर्टल के माध्यम से कर सकते हैं।

=====================

श्रीराम जन्मभूमि पर बना भव्य मंदिर हमारी सदियों की आस्था, संघर्ष और संकल्प का प्रतीक: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रीराम मंदिर की प्रतिकृति को किया नमन

श्री अयोध्या धाम में श्रीरामलला के विराजमान की द्वितीय वर्षगांठ पर हुआ कार्यक्रम

मंदसौर 31 दिसंबर 25 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राजधानी भोपाल में प्रदेश का सांस्कृतिक और ऐतिहासिक गौरव शामिल करने के उद्देश्य से राजधानी के प्रमुख मार्गों पर द्वारों का निर्माण किया जा रहा है। यह द्वार भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, सम्राट विक्रमादित्य और राजाभोज को समर्पित होंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में सांस्कृतिक पुर्नउत्थान का पर्व जारी है। बनारस, अयोध्या हो या उज्जैन सभी ओर हमारी आस्था और भावना के अनुरूप समृद्ध संस्कृति और धार्मिक मान्यताओं का प्रकटीकरण हो रहा है। प्रदेश में गीता जयंती पर बड़े पैमाने पर श्रीमद्भगवतगीता पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी जिलों में गीता भवन का निर्माण कराया जा रहा है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर बना भव्य मंदिर हमारी सदियों की आस्था, संघर्ष और संकल्प का प्रतीक है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव श्री अयोध्या धाम में पुनर्निमित भव्य श्रीराम मंदिर में श्रीरामलला के विराजमान की द्वितीय वर्षगांठ (तिथि अनुसार) पर मालवीय नगर स्थित युवा सदन के पास निर्मित श्रीराम मंदिर की प्रतिकृति पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां पहुंचकर श्रीराम मंदिर की प्रतिकृति को नमन किया तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विधायक श्री रामेश्वर शर्मा विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम स्थल पर संत समुदाय तथा स्थानीय जन उपस्थित थे।

==========

दुग्ध उत्पादन तथा प्रोसेसिंग में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और रोजगार की अपार संभावनाएं : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

किसानों की आय बढ़ाने में दुग्ध उत्पादन की महत्वपूर्ण भूमिका

सांची ब्राण्ड का अधिक से अधिक विस्तार किया जाए

पीपीपी मोड पर दुग्ध उत्पादन गतिविधियों का विस्तार हो

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में डेयरी गतिविधियों के संबंध में दिए दिशा निर्देश

मध्यप्रदेश स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन तथा राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के मध्य हुए एग्रीमेंट के अंतर्गत गठित राज्य स्तरीय संचालन समिति की बैठक हुई

मंदसौर 31 दिसंबर 25 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के दुग्ध उत्पादन को औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार का भी आधार बनाया जाए। दुग्ध उत्पादन तथा उसकी प्रोसेसिंग व मार्केटिंग में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। इसके साथ ही दुग्ध उत्पादन कृषकों की आय बढ़ाने में भी प्रभावी रूप से सहायक है। सभी जिलों में समन्वित रूप से गतिविधियों संचालित करते हुए सांची ब्राण्ड का अधिक से अधिक विस्तार किया जाए। सांची प्रोडेक्ट्स की ब्राण्डिंग में गोवंश और गोपाल को शामिल किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह निर्देश मध्यप्रदेश स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन तथा राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के मध्य हुए एग्रीमेंट के अंतर्गत गठित राज्य स्तरीय संचालन समिति की बैठक में दिए।

मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में हुई बैठक में वरिष्ठ विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल, अपर मुख्य सचिव श्री नीरज मंडलोई, अपर मुख्य सचिव श्री मनीष रस्तोगी, प्रमुख सचिव पशुपालन एवं डेयरी विकास श्री उमाकांत उमराव तथा राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के पदाधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने में दुग्ध उत्पादन की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए किसानों की दक्षता और क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम स्तर तक गतिविधियां संचालित की जाएं। यह सुनिश्चित करना भी आवश्यक है कि दुग्ध संकलन व्यवस्था की मजबूत निगरानी हो। दूध खरीदी की कीमतें उत्पादकों के लिए लाभप्रद हों और खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित हो तथा दुग्ध उत्पादकों को उनका भुगतान नियमित रूप से समय-सीमा में प्राप्त हो।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में पीपीपी मोड पर निजी भागीदारी और डेयरी सहकारी समितियों के समन्वय से दुग्ध उत्पादन गतिविधियों का विस्तार किया जाए। इससे सम्पूर्ण प्रदेश में उद्यमशीलता को प्रोत्साहन प्रदान करने, किसानों की आय बढ़ाने और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति देने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में डेयरी टेक्नोलॉजी पर केन्द्रित प्रशिक्षण और पाठ्यक्रम आरंभ किए जाएं। इससे डेयरी प्लांट संचालन में मदद मिलेगी और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार भी उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड द्वारा कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात सांची ब्राण्ड के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है तथा सांची डेयरी शुरू करने की मांग कई स्थानों से आ रही है। दुग्ध उत्पादकों को दूध मूल्य के नियमित एवं समय पर भुगतान के लिए 10 दिन का रोस्टर तय किया गया है। दुग्ध संघों द्वारा दूध खरीदी मूल्यों में 2 रूपए 50 पैसे से 8 रूपए 50 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। अब तक 1241 नई दुग्ध सहकारी समितियों का गठन किया गया है तथा 635 निष्क्रिय दुग्ध समितियों को क्रियाशील बनाया गया है। सम्पूर्ण डेयरी वेल्यू चैन का डिजीटाईजेशन करने के लिए भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, बुंदेलखंड तथा जबलपुर दुग्ध संघों में सॉफ्टवेयर क्रियान्वित किया गया है। दुग्ध संकलन के लिए इंदौर दुग्ध संघ से मोबाइल ऐप की व्यवस्था लागू की गई है। जिससे दूध की मात्रा, गुणवत्ता और मूल्य की जानकारी तत्काल प्राप्त होती है।

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2029-30 तक 26 हजार गांवों तक डेयरी सहकारी कवरेज का विस्तार करने प्रतिदिन 52 लाख कि.ग्रा. दुग्ध संकलन करने, प्रतिदिन 35 लाख लीटर दुग्ध विक्रय और 63.3 लाख लीटर प्रतिदिन प्रसंस्करण क्षमता का लक्ष्य लेकर गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। पिछले 2 वर्ष से बंद शिवपुरी डेयरी संयंत्र को प्रारंभ करने के लिए प्रक्रिया आरंभ की गई है। जबलपुर में स्थापित 10 मेट्रिक टन क्षमता के पनीर प्लांट को पुन: आरंभ करने के लिए 5 करोड़ रूपए का निवेश किया जाएगा। इंदौर में स्थापित 30 मेट्रिक टन क्षमता का दूध पाउडर संयंत्र प्रारंभ किया गया है। इसके माध्यम से 3 लाख लीटर दूध का प्रतिदिन प्रसंस्करण किया जा रहा है। ग्वालियर डेयरी संयंत्र के सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया भी आरंभ की गई है।

बैठक में राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के चेयरमेन श्री मीनेश शाह, कार्यकारी निर्देशक, श्री एस. रघुपति, महाप्रबंधक श्री जिगनेश शाह, एमपी स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन के प्रबंध संचालक डॉ. संजय गोस्वामी, ग्रुप हेड श्री असीम निगम, ग्रुप हेड, डॉ. शुभंकर नंदा, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के संचालक डॉ. पी.एस. पटेल, तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

=========

पूरे प्रदेश में गांव से लेकर शहर तक कार्यकर्ताओं को नाम से जानने वाले

राजासाब ने सिर्फ कांग्रेस संगठन की आंतरिक मजबूती और जमीनी कार्यकर्ताओं के सम्मान की बात की हे – आंजना

मंदसौर । पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री दिग्विजय सिंह के हालिया बयान को लेकर जिस प्रकार की आलोचनाएँ की जा रही हैं, वह पूरी तरह दुर्भावनापूर्ण प्रतीत होती हैं । विपक्षी पार्टी बीजेपी कांग्रेस पार्टी में फूट डाल कर भ्रम फैला रही हे । उक्त आरोप जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष श्री शंकर लाल आंजना ने लगाया हे । श्री आंजना ने कहा कि आदरणीय राजा साब ने अपने वक्तव्य में यह कहा था कि भारतीय जनता पार्टी में चरणों में बैठने वाले व्यक्ति को भी बड़े पदों पर नियुक्ति मिल जाती है और कांग्रेस पार्टी में भी ऐसा होना चाहिए । उनके इस कथन का आशय कतई किसी दल विशेष की प्रशंसा करना नहीं था, बल्कि कांग्रेस संगठन की आंतरिक मजबूती और जमीनी कार्यकर्ताओं के सम्मान की बात करना था । उनके इस बयान से स्पष्ट हे कि कांग्रेस पार्टी में वर्षों से संघर्ष कर रहे, जमीन पर काम करने वाले और संगठन को सींचने वाले कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए । बड़ा ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग उनके बयान का अर्थ का अनर्थ कर अनावश्यक विवाद खड़ा कर रहे हैं और उनके ऊपर सवाल खड़े कर रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि श्री सिंह ने हमेशा पार्टी हित को सर्वोपरि रखा है ।
पूर्व मुख्यमंत्री के रूप में ही नहीं, बल्कि एक समर्पित कांग्रेसी के रूप में भी दिग्विजय सिंह का पूरा राजनीतिक जीवन संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और कांग्रेस की विचारधारा को आगे ले जाने में समर्पित रहा है । 1993 में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बने और राजासाब ने पूरे प्रदेश में गांव-गांव पैदल यात्रा कर कार्यकर्ताओं में जोश व उत्साह पैदा किया जिससे प्रदेश में सरकार बनी । अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में गरीबों को जमीन के पट्टे देना,निशुल्क एक बत्ती कनेक्शन देना, किसानों के कर्ज माफ करना जैसे अनेक कार्य किए । साथ ही सालों से मध्यप्रदेश में सत्ता से दूर कांग्रेस पार्टी हित में 3,000 हजार किलोमीटर पैदल चल कर कठिन समय में पार्टी का साथ दिया और 2018 में प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता में वापसी का रास्ता खोल दिया । श्री आंजना ने कहा कि राजासाब पूरे प्रदेश के गांव -गाँव में कार्यकर्ताओं को नाम से जानते हैं । लेकिन आज आवश्यकता इस बात की है कि हम उनके बयान की भावना को समझें, न कि उसे तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत करें। कांग्रेस पार्टी तभी मजबूत होगी जब संघर्षशील और समर्पित कार्यकर्ताओं को पहचान, सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी। यही श्री दिग्विजय सिंह के कथन का मूल भाव और उद्देश्य है ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}